
कांड्रा: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को कांड्रा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू ने की. इसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि शामिल हुए.


बैठक में मुहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. थाना प्रभारी ने कहा कि मुहर्रम आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराया जाना चाहिए.
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की. साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी अपने सुझाव रखे और पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया. थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. बैठक के अंत में सभी लोगों ने मिल-जुलकर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय


