कांड्रा/ Bipin Varshney आस्था और श्रद्धा का महापर्व छठ मंगलवार को कांड्रा के स्वर्णरेखा नदी घाट एवं हरिश्चन्द्र घाट बांधा झुरिया में श्रद्धालुओं के उल्लास और भक्ति के माहौल में सम्पन्न हुआ. व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख- समृद्धि और क्षेत्र की शांति की कामना की.

सुबह से ही घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में, सिर पर डाला लिए पूजा में लीन रहीं. पूरे घाट पर ‘छठ मइया’ के गीतों की मधुर ध्वनि एवं आतिशबाजी गूंजती रही.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और यंग बॉयज क्लब के युवाओं ने सेवा शिविर लगाकर दूध, खीर, चाय,पानी, प्रसाद वितरण और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की. जनसेवा में युवाओं की सक्रियता प्रशंसनीय रही.
स्थानीय समाजसेवी राम महतो ने कहा, “छठ महापर्व हमारी संस्कृति और एकता का प्रतीक है. कांड्रा के लोगों ने मिलकर इसे सफल बनाया है.”
वहीं पंचायत प्रतिनिधि शंकरी सिंह ने बताया, “हर साल की तरह इस बार भी युवाओं ने प्रशासन के साथ मिलकर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ध्यान रखा.”
सुरक्षा की दृष्टि से कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू स्वयं पुलिस बल के साथ घाटों पर मुस्तैद रहे. उन्होंने बताया, “छठ पर्व के दौरान शांति व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रही, और सभी कार्यक्रम शांति पूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए.”
छठ घाटों पर प्रशासनिक सतर्कता, युवाओं की सेवा भावना और श्रद्धालुओं की आस्था ने मिलकर पूरे क्षेत्र को धार्मिकता और पवित्रता से भर दिया.
video

