सरायकेला: श्री श्री गणेश पूजा कमिटी कांड्रा बस्ती (बांधकुली) की ओर से आयोजित गणेश पूजा पंडाल का उद्घाटन सोमवार को झामुमो के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने फीता काटकर किया. इसके बाद उन्होंने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.


इस अवसर पर कमिटी के अध्यक्ष वीनू दास, झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष राम महतो, दिलीप दे, विजय महतो और रंजीत मोदक सहित कमिटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

कृष्णा बास्के ने श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं. धार्मिक आयोजन आस्था के साथ समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम हैं. उन्होंने पूजा कमिटी के प्रयासों की सराहना करते हुए सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन की शुभकामनाएं दीं.
कमिटी अध्यक्ष वीनू दास ने बताया कि गणेश पूजा को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह है. पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है. उन्होंने क्षेत्रवासियों से पूजा में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने की अपील की.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

