खरसावां: दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में शामिल होकर स्वदेश लौटे खरसावां विधायक दशरथ गागराई का सोमवार को झामुमो कुचाई प्रखंड कमिटी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. कार्यकर्ता चक्रधरपुर स्थित उनके आवास पहुंचे और गुलदस्ता भेंट किया.


69वां राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन केप टाउन में आयोजित हुआ, जिसमें राष्ट्रमंडल देशों के सांसदों, विधानमंडलों के सदस्यों और संसदीय अधिकारियों ने भाग लिया. सम्मेलन का मुख्य विषय बदलती विश्व व्यवस्था में अंतरराष्ट्रीय कानून और संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने में राष्ट्रमंडल की भूमिका था. सम्मेलन में संसदीय लोकतंत्र, सुशासन, समावेशी विकास और विभिन्न संसदीय व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर सत्र आयोजित किए गए.
स्वागत के दौरान विधायक प्रतिनिधि सह झामुमो कुचाई प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मुंडा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संसदीय सम्मेलन में विधायक की भागीदारी क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मेलन में मिले अनुभवों का उपयोग जनहित और क्षेत्र से जुड़े मुद्दों में किया जाएगा.
विधायक दशरथ गागराई ने स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया. उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के जनप्रतिनिधियों से संसदीय व्यवस्था, लोकतंत्र और विकास से जुड़े विषयों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिला. आधिकारिक कार्यक्रम में भी संसदीय सहयोग, लोकतांत्रिक संस्थाओं और समावेशी विकास से संबंधित विभिन्न सत्र शामिल थे.
गागराई ने कहा कि ऐसे मंचों से दूसरे देशों की संसदीय कार्यप्रणाली और विकास से जुड़े अनुभवों को समझने का अवसर मिलता है. उन्होंने इसे खरसावां विधानसभा क्षेत्र की जनता से जुड़ा सम्मान बताया.
मौके पर विधायक प्रतिनिधि सह प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार मुंडा, भरत सिंह मुंडा, सचिव मुन्ना सोय, मुखिया राम सोय, राहुल सोय, सुनील सोय समेत प्रखंड कमिटी के अन्य सदस्य मौजूद थे.

