रांची: झारखंड में JPSC- JSSC अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे आंदोलन ने रविवार को नया मोड़ ले लिया, जब छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार छात्रों की सभी जायज़ मांगों को स्वीकार नहीं करती, तब तक वे अन्न का एक दाना भी ग्रहण नहीं करेंगे.



भूख हड़ताल पर बैठने के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह संघर्ष किसी एक छात्र या संगठन का नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों प्रतियोगी छात्रों के भविष्य का सवाल है. उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और व्यापक होगा. सरकार को छात्रों की भावनाओं को समझते हुए लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों का भविष्य सुरक्षित हो सके.
धरना स्थल पर मौजूद छात्रों ने भी देवेंद्र नाथ महतो के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा. आंदोलन स्थल पर दिनभर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटी रही और सरकार से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग उठती रही.





