रांची: झारखंड की चर्चित JSSC-CGL और JPSC प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है. JSSC-CGL मामले में पश्चिम बंगाल निवासी दिलीप कुमार पासवान जबकि JPSC परीक्षा से जुड़े मामले में रांची के कोचिंग संचालक संजीत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


CID की ओर से जारी जानकारी के अनुसार JSSC-CGL परीक्षा से संबंधित CID थाना कांड संख्या 01/2025 में अप्राथमिकी अभियुक्त दिलीप कुमार पासवान को गिरफ्तार किया गया है. दिलीप की उम्र करीब 41 वर्ष है और वह पश्चिम बंगाल के पश्चिम वर्धमान जिले के ईस्ट केन्दा कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है. उसका स्थायी पता जमुई, बिहार में है.
CID का आरोप है कि दिलीप कुमार पासवान ने JSSC-CGL के कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में अनुचित लाभ पहुंचाया. मामले में उसकी भूमिका की जांच के बाद गिरफ्तारी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
*JPSC मामले में कोचिंग संचालक गिरफ्तार*
वहीं JPSC प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित CID थाना कांड संख्या 16/2026 में रांची निवासी 38 वर्षीय संजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है. CID के मुताबिक संजीत कुमार रांची स्थित शिवांगन कोचिंग का संचालक है और इस मामले में कथित तौर पर एजेंट के रूप में काम कर रहा था.
दोनों गिरफ्तारियां ऐसे समय हुई हैं जब JSSC-CGL और JPSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर CID की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. अब जांच में यह महत्वपूर्ण होगा कि अभ्यर्थियों को कथित अनुचित लाभ पहुंचाने का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें अन्य किन लोगों की भूमिका सामने आती है.

