गोड्डा: जिले के सुंदरपहाड़ी प्रखंड क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ जब बच्चे गांव में स्थित पानी की टंकी के नीचे नहा रहे थे. अचानक टंकी का ढांचा ढह गया और बच्चे उसके मलबे के नीचे दब गए.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सभी बच्चों को मलबे से बाहर निकालकर गोड्डा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह पानी की टंकी कई वर्षों पुरानी थी और इसकी दीवारों में पहले से दरारें थीं. लोगों ने कई बार इसकी मरम्मत की मांग की थी, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई कदम नहीं उठाया गया.
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है. परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है. प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है.

