जामताड़ा: जिले के बहुचर्चित उत्तम मंडल हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी राजकुमार मेहता ने प्रेस वार्ता कर बताया कि विशेष जांच दल (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सालुका गांव निवासी उत्तम मंडल की हत्या के मामले में दो अभियुक्तों रामकृष्ण गोराई और सुभाष गोराई को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त खून से सनी रस्सी, खून लगे मिट्टी के नमूने और मोबाइल फोन बरामद किए हैं.



यह मामला 15 सितंबर को सामने आया था, जब सालुका गांव के आदिवासी श्मशान घाट के पास झाड़ियों से उत्तम मंडल (पुत्र स्व. गोराई चंद्र मंडल) का शव बरामद हुआ था. मृतक के पुत्र गणेश मंडल के बयान पर बिंदापाथर थाना में प्राथमिकी (कांड संख्या 66/25) दर्ज की गई थी. इसके बाद एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाला के नेतृत्व में SIT गठित की गई थी.
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक अक्सर आदिवासी टोले में अनाधिकृत रूप से आता- जाता था और स्थानीय महिलाओं को लेकर उस पर संदेह जताया जा रहा था. घटना के दिन वह बाबुजन के घर शराब पीने के बाद सो गया और जागने के बाद खेत की ओर गया, जहां विवाद हुआ. इसी दौरान कैटी नामक व्यक्ति ने लोहे के सवल से मृतक पर हमला कर दिया. अन्य आरोपियों ने शव को छिपाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
बताते चलें कि इस हत्याकांड को लेकर जामताड़ा जिला में राजनीति का बाजार गर्म हो गया था और आरोप- प्रत्यारोप का दौर चल रहा था. भाजपा नेताओं ने लगातार एसपी से अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की थी, जिसके बाद गठित टीम ने मामले का खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
