जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले के फतेहपुर थाना में रात्रि गश्ती के दौरान घोर लापरवाही उजागर होने पर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बड़ी कार्रवाई की है. शनिवार रात औचक निरीक्षण में एसपी ने पाया कि थाना में न तो कोई ऑन-ड्यूटी पदाधिकारी मौजूद था और न ही रात्रि गश्ती दल ने अब तक गश्ती शुरू की थी. यह स्थिति विभागीय आदेशों की खुली अवहेलना और क्षेत्र की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ मानी गई.

इस गंभीर चूक पर एसपी ने तत्काल प्रभाव से चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस केंद्र में हाजिर होने का आदेश दिया है. इनमें एएसआई संतोष गोस्वामी (ओडी ड्यूटी पदाधिकारी), एएसआई शिद्दो सोरेन (गश्ती दल प्रभारी), हवलदार रामचंद्र रवानी और आरक्षी महेश्वर उरांव (आरक्षी संख्या 224) शामिल हैं. साथ ही फतेहपुर थाना प्रभारी एसआई कुंदन कुमार वर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है.
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बताते चलें कि इससे पूर्व भी एसपी ने लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की थी.

