जामताड़ा: स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी एवं पुलिस प्रशासन के कथित गलत रवैये के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 31 जुलाई को जामताड़ा डीसी कार्यालय एवं एसपी कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में भाजपा जिला कार्यालय, बुडूडीह में जामताड़ा नगर मंडल की विशेष तैयारी बैठक आयोजित की गई. बैठक में पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल मुख्य रूप से उपस्थित रहे.



बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने आरोप लगाया कि हाल ही में जामताड़ा सदर अस्पताल में हुई घटना के बाद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के दबाव में अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों ने भाजपा जिलाध्यक्ष समेत आठ निर्दोष कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया है. उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने 31 जुलाई को डीसी एवं एसपी कार्यालय के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है.
पूर्व मंत्री ने कहा कि आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने के लिए हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जामताड़ा नगर के सभी वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे और लोगों से धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील करेंगे.
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष संतन मिश्रा, भाजपा नेता राजेंद्र राउत, जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह, जिला मंत्री आभा आर्या, सह कार्यालय मंत्री पिंटू गुप्ता, किसान नेता अंजनी तिवारी, पूर्व जिला मंत्री राजेश यादव, नगर महामंत्री रथु दास, लखिन्द्र सिंह, मिथलेश बर्मन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





