जामताड़ा: करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के मंझलाडीह गांव के कोडराटांड़ टोला में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से एक गर्भवती गाय की करंट लगने से मौत हो गई. गाय की कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई जा रही है. बताया गया कि गाय महज 10-12 दिनों में बछड़ा देने वाली थी. घटना के बाद गरीब किसान वासुदेव मंडल के परिवार पर आर्थिक संकट के साथ दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.


जिससे कमाई की आस थी, वही चली गई
गाय के मालिक वासुदेव मंडल ने बताया कि गाय गर्भवती थी और कुछ ही दिनों में बछड़ा देने वाली थी. परिवार को गाय से दूध और आय के साथ आने वाले समय में आर्थिक स्थिति बेहतर होने की उम्मीद थी. लेकिन अचानक बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जर्जर तारों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं और नीचे तक लटक रहे हैं. तार टूटने की घटनाओं के बावजूद समय पर मरम्मत नहीं की जाती है. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि जर्जर तारों को जल्द नहीं बदला गया तो भविष्य में इसकी चपेट में इंसान भी आ सकते हैं.
मुआवजा और कार्रवाई की मांग
पीड़ित किसान ने जिला प्रशासन एवं बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों से घटना की जांच कराने, जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने तथा उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है. ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने और विद्युत व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है, ताकि ऐसी घटना दोबारा न हो.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

