
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित करमदाहा मंदिर परिसर में भटकती मिली 9 वर्षीय बच्ची को पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) की त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित उसके परिजनों से मिला दिया गया. इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है.


जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मंदिर परिसर में एक नाबालिग बच्ची अकेली घूमती हुई मिली. वह अपने परिवार से बिछड़ गई थी और घबराहट के कारण अपने घर का सही पता नहीं बता पा रही थी. सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति (CWC), जामताड़ा को दी.
पुलिस और CWC के संयुक्त प्रयास से बच्ची की पहचान की गई. जांच में पता चला कि बच्ची के पिता मथुरा भोगता हैं और उनका घर ग्राम गौदलियाजोर, पोस्ट गादीश्रीरामपुर, थाना गिरिडीह क्षेत्र में है. आवश्यक सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाल कल्याण समिति की मौजूदगी में बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
बच्ची के परिजनों ने सुरक्षित वापसी पर राहत की सांस ली और पुलिस व बाल कल्याण समिति के प्रति आभार व्यक्त किया. स्थानीय लोगों ने भी इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे पुलिस की मानवीय कार्यशैली का उदाहरण बताया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


