
जामताड़ा: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जामताड़ा टाउन थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने की, जबकि संचालन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने किया.


बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी अबिश्वर मुर्मू, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वसीम राजा, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे.
बैठक के दौरान मुहर्रम जुलूस के रूट, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद रखने, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा और साफ-सफाई सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे.
प्रखंड विकास पदाधिकारी अबिश्वर मुर्मू ने कहा कि जामताड़ा में सभी धार्मिक पर्व हमेशा भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाए जाते रहे हैं. उन्होंने इस परंपरा को कायम रखते हुए मुहर्रम को भी शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की. साथ ही अखाड़ा समितियों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती कर प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया.
एसडीपीओ वसीम राजा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की.
नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

बैठक में प्रशासन और अखाड़ा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी. अधिकारियों ने सभी समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग देने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


