सरायकेला-खरसावां: जिले के राजनगर- सरायकेला मुख्य मार्ग पर दांवना स्कूल के समीप शनिवार को सड़क के बड़े गड्ढे में हाइवा फंस जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. सड़क के बीचोंबीच हाइवा फंसने के कारण देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.


बताया गया कि जर्जर सड़क पर बने गहरे गड्ढे में हाइवा का पहिया फंस गया, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया. कुछ ही देर में करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार पहुंच गई. जाम के कारण राहगीरों, वाहन चालकों, यात्रियों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

स्थानीय लोगों के अनुसार, राजनगर- सरायकेला मुख्य मार्ग लंबे समय से जगह- जगह गड्ढों में तब्दील है. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में भारी वाहनों के फंसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने और जर्जर मार्ग का स्थायी समाधान करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

