
जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के रोटारैक्ट क्लब की ओर से आयोजित वार्षिक सम्मान समारोह “द लास्ट फॉल इन” में पूरे वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, क्लब सदस्यों और मार्गदर्शकों को सम्मानित किया गया. समारोह में सेवा, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए.


कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान, दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना की सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ हुआ. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रोटेरियन कृष्ण खरिया तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में रोटेरियन जितेश चौधरी उपस्थित रहे. विश्वविद्यालय के कुलसचिव नागेंद्र कुमार सिंह, प्रशासन अधिष्ठाता डॉ. राकेश कुमार, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ की निदेशक डॉ. श्रद्धा वर्मा, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष दीपिका कुमारी तथा क्लब के मार्गदर्शक अभिनव कुमार ने भी कार्यक्रम में भाग लिया.
कुलसचिव नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह विद्यार्थियों के परिश्रम और समर्पण को नई पहचान देते हैं. उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में भी इस कार्यक्रम का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रोत्साहन मिलता रहे.
समारोह में शुभो पात्रा को “कार्यकाल का सर्वश्रेष्ठ रोटारैक्टर”, शिबांश महापात्रा को “वर्ष का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता”, श्रुति शर्मा को “सर्वश्रेष्ठ टीम सहयोगी” और नूर अफशां को “वित्तीय उत्कृष्टता सम्मान” से सम्मानित किया गया. वहीं अभिनव कुमार को “मार्गदर्शन विरासत सम्मान” तथा प्रतीक झा और राज विवेक यादव को “उत्कृष्ट सहयोग सम्मान” प्रदान किया गया.
इसके अलावा क्लब के दस सक्रिय सदस्यों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “माह के सर्वश्रेष्ठ रोटारैक्टर” सम्मान से नवाजा गया. कार्यक्रम के अंत में रोटारैक्ट क्लब ने सेवा, नेतृत्व और सामाजिक दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया.


