जामताड़ा: शनिवार सुबह उपायुक्त आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मंडल कारा जामताड़ा का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने कारा परिसर के सभी वार्डों और बैरकों की गहन तलाशी ली.

उपायुक्त आलोक कुमार के नेतृत्व में की गई तलाशी अभियान के दौरान जेल परिसर से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई.
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कारा में प्रतिदिन संधारित की जाने वाली विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, वार्डों की सुरक्षा, बैरकों की स्थिति और अन्य सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कारा सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
उपायुक्त ने बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं, स्वास्थ्य व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, साफ- सफाई, प्रकाश व्यवस्था और वेंटिलेशन की स्थिति की भी जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बंदियों को समय पर बेहतर गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराया जाए और नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि कारा परिसर के सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए. साथ ही जेल में आने-जाने वाले लोगों और बंदियों से मिलने पहुंचने वाले परिजनों की सघन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया.
पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने भी कारा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कारा प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, साथ ही कई अहम सुधारात्मक सुझाव भी दिए.
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, प्रभारी कारा अधीक्षक विजय कुमार, एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी, अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे.
Report by Manish Baranwal



