जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव और मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा.



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिक्रम दास, जय कुमार दास और हेमंत दास के रूप में हुई है. इनके पास से 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी केवाईसी अपडेट और एटीएम कार्ड बंद होने का झांसा देकर लोगों से बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करते थे. साथ ही ई-वॉलेट के माध्यम से भी लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे.
मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या-48/26 के तहत बीएनएस, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





