बोकारो: जिले के चीरा चास थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है. जहां इलाज के लिए पिछले तीन महीने से वेल्लोर गए एक बुजुर्ग के सूने घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


जानकारी के अनुसार चीरा चास थाना क्षेत्र के गांधाजोड़ निवासी करीब 60 वर्षीय विजय कुमार मिश्रा इलाज के सिलसिले में पिछले तीन माह से वेल्लोर में रह रहे हैं. इसी दौरान रविवार रात चोरों ने उनके बंद पड़े घर को निशाना बनाया और चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया.
सोमवार सुबह जब उनके छोटे भाई शिव नारायण मिश्रा घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला. शुरुआत में उन्हें लगा कि परिवार का कोई सदस्य घर आया होगा, लेकिन अंदर प्रवेश करने पर सभी कमरों के दरवाजे खुले मिले और सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद उन्होंने तुरंत गृहस्वामी और पुलिस को घटना की सूचना दी.
घर की तलाशी लेने पर आलमारी और लॉकर टूटे हुए मिले. चोर घर से टीवी, इनवर्टर, इंडक्शन चूल्हा, कपड़े और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. घर में रखे बक्सों को भी खंगाल दिया गया था और सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था.
परिजनों के अनुसार विजय कुमार मिश्रा की पत्नी और बहू के सोने-चांदी के जेवरात भी चोरी हो गए हैं. चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 7 से 10 लाख रुपये बताई जा रही है. वहीं नकद राशि और अन्य सामानों के नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही चीरा चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. इस बड़ी चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है. लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

