सरायकेला: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरायकेला- खरसावां जिला पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.


इसी क्रम में राजनगर थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के जोटा टिपंगटांड गांव के जंगल में संचालित अवैध महुआ शराब निर्माण की भट्ठी पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने करीब 300 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया.
जंगल में चल रहा था अवैध शराब निर्माण का कारोबार
पुलिस की कार्रवाई के दौरान जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित महुआ शराब निर्माण की भट्ठी को ध्वस्त किया गया. साथ ही शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों को भी नष्ट कर दिया गया.
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. इसी के तहत यह कार्रवाई की गई. पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान कानून- व्यवस्था बनाए रखने के साथ अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर रोक लगाना है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

