जामताड़ा: थाना क्षेत्र के खरनी गांव में बूस्टर डोज लगने के पांच दिन बाद छह वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई. बुधवार को धनबाद पीएमसीएच में बच्चे ने दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान खरनी गांव निवासी भुवनेश्वर सिंह के छह वर्षीय पुत्र आयुष सिंह के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है.


जानकारी के अनुसार, शनिवार को तरणी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण अभियान चलाया गया था. इस दौरान एएनएम ने अन्य बच्चों के साथ आयुष सिंह को भी बूस्टर डोज लगाया था. परिजनों का कहना है कि टीकाकरण के बाद से ही आयुष की तबीयत बिगड़ने लगी थी.
बुधवार की सुबह करीब 8.30 बजे आयुष के पिता भुवनेश्वर सिंह गंभीर हालत में उसे नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एंबुलेंस से पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया. धनबाद में इलाज के दौरान आयुष की मौत हो गई.
नारायणपुर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चा निमोनिया से ग्रसित प्रतीत हो रहा था. उन्होंने बताया कि उसी आंगनबाड़ी केंद्र में एक ही वाइल से अन्य बच्चों को भी बूस्टर डोज दिया गया था, लेकिन किसी अन्य बच्चे में स्वास्थ्य संबंधी समस्या की सूचना नहीं मिली है.
चिकित्सा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चे की मौत और टीकाकरण के बीच कारण संबंध की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है. बच्चे की तबीयत बिगड़ने और मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही यह पता चल पाएगा कि बच्चे की मौत का टीकाकरण से कोई संबंध था या नहीं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

