जामताड़ा: मनीष बरनवाल. श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति, गांधी मैदान की ओर से रविवार देर शाम गणेश महोत्सव के दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. गणेश पूजा और मेले की रौनक के बीच आयोजित रक्तदान शिविर के माध्यम से समिति ने लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा का संदेश दिया. शिविर में समिति के सदस्यों के साथ ही गणेश पूजा का मेला देखने पहुंचे लोगों ने भी उत्साह के साथ रक्तदान किया.


शिविर में कुल 25 लोगों ने रक्तदान किया. रक्तदाताओं में पूजा समिति के सदस्यों के अलावा मेले में पहुंचे लोग भी शामिल रहे. रक्तदान को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. समिति के सदस्यों ने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की सेवा नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान है. स्वस्थ लोगों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए.
रक्तदान शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद रक्त संग्रह किया. मौके पर जामताड़ा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन लक्ष्मण समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मी और पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे. स्वास्थ्य कर्मियों ने रक्तदान के महत्व की जानकारी देते हुए लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए जागरूक किया.
आज रक्तदाताओं का होगा सम्मान
श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति की ओर से रक्तदान कार्यक्रम को दो दिवसीय आयोजन के रूप में रखा गया है. सोमवार की शाम मेला प्रांगण में रक्तदान करने वाले सभी 25 रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा. समिति के इस पहल का उद्देश्य रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के साथ ही अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करना है.
समिति के सदस्यों ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाजसेवा और मानव कल्याण का संदेश भी दिया जा रहा है. रक्तदान शिविर इसी सामाजिक सरोकार की महत्वपूर्ण कड़ी है. समिति ने लोगों से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करने और रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

