सुभाष चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध, जिलाध्यक्ष सुमित शरण बोले—राजनीति में भाषा की मर्यादा जरूरी


जामताड़ा: पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कथित अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के विरोध में सोमवार को जामताड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में जामताड़ा नगर के सुभाष चौक पर खड़गे का पुतला दहन कर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की गई. भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की भाषा राजनीतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है. पार्टी की ओर से जिले के विभिन्न मंडलों में भी विरोध प्रदर्शन किए जाने की बात कही गई.
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद और प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक हैं, लेकिन विरोध के नाम पर किसी के माता-पिता और परिवार को निशाना बनाना उचित नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर कांग्रेस नेताओं की ओर से बार-बार की जाने वाली टिप्पणियां पार्टी की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को विकास के मुद्दों पर राजनीति करनी चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों के सहारे सुर्खियों में बने रहने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में भी जनता कांग्रेस को जवाब देगी.
नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कथित टिप्पणी पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है. उन्होंने कांग्रेस के आंतरिक व्यवहार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की बात सुनने में असहज होती है, उससे आम जनता की समस्याओं को सुनने की उम्मीद कैसे की जा सकती है.
भाजपा नेता मुरारी भूषण सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर रहने के कारण पार्टी के नेता हताशा में अमर्यादित बयान दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि राजनीति में संस्कार और शालीनता का पालन किया जाना चाहिए.
जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर कथित टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है. वहीं, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की ओछी राजनीति को देश की जनता देख रही है और आने वाले समय में उसे इसका जवाब मिलेगा.
जिला मंत्री आभा आर्या ने कहा कि राजनीति में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक स्तर पर टिप्पणी करना उचित नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अनावश्यक विवादों को हवा देती है.
ये रहे मौजूद
मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष संतन मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सर्कल, भाजपा नेता चंडी चरण दे, राजेंद्र राउत, पिंटू गुप्ता, चंदन राउत, रथु दास, ब्रजेश राउत, प्रवीण मिश्रा, राजेश यादव, लालटू नायक, रंजीत राणा, टिंकू नायक, अंजनी तिवारी, सतेंद्र टुडू, ज्योति देवी, ललिता देवी, राकेश रवानी, उदय मंडल, अमित बाउरी और मिथुन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

Exploring world
