आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में आदित्यपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार दोनों ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े एक मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे थे.


गिरफ्तार आरोपियों में एच रोड, मुस्लिम बस्ती निवासी अशरफ अली, पिता स्वर्गीय मोहम्मद जमाल तथा शहनाज परवीन उर्फ बड़ा प्राचीन, पति शाहरुख अंसारी शामिल हैं.
रात से चली छापेमारी, पुलिस को मिली सफलता
पुलिस के अनुसार सोमवार रात से एनडीपीएस मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग- अलग ठिकानों पर सघन छापेमारी की गई. इसी दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस का दावा है कि दोनों पूर्व में कथित ड्रग्स पेडलरों के संपर्क में रहकर ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में सक्रिय थे. मामला दर्ज होने के बाद पिछले करीब दो वर्षों से वे गिरफ्तारी से बच रहे थे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

