आठवें दिन वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा दुर्गा मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं ने की आरती; दो दिन और चलेगा गांधी मैदान का मेला


जामताड़ा: गणेश पूजा महोत्सव के आठवें दिन मंगलवार को गांधी मैदान स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में पूर्णाहुति हवन का आयोजन किया गया. पूजा-अर्चना के अंतिम चरण में आयोजित हवन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. वैदिक मंत्रोच्चार, हवन की आहुति और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा. पूर्णाहुति हवन में आचार्य रामानंद पांडे, हृदय नारायण झा, सुधांशु पांडे, अभिषेक पांडे एवं छोटेलाल पांडे ने विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न करायी.आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुति अर्पित की. इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख, शांति, समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की.
हवन की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान गणेश की आरती की। आरती के दौरान पूरा परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
भक्ति भाव के साथ हुआ प्रतिमा विसर्जन
पूजा अनुष्ठान संपन्न होने के बाद विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा एवं कलश को विसर्जन के लिए न्यू टाउन स्थित राजा बांध तालाब ले जाया गया. श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ गणेश प्रतिमा को लेकर विसर्जन स्थल पहुंचे. इस दौरान रास्ते भर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा.राजा बांध तालाब में विधि-विधान के साथ प्रतिमा एवं कलश का विसर्जन किया गया.

प्रतिमा विसर्जन के साथ ही आठ दिनों से चले आ रहे गणेश पूजा महोत्सव का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो गया. हालांकि, गणेश पूजा का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बावजूद गांधी मैदान में मेला का उत्साह अभी दो दिन और जारी रहेगा. मेला परिसर में लगे विभिन्न स्टॉल, झूले, खान-पान की दुकानें और मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. शाम होते ही गांधी मैदान में लोगों की भीड़ जुट रही है. पूजा संपन्न होने के बाद भी मेले में उमड़ रही भीड़ से उत्सव का रंग बरकरार है.

महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लिया. आठ दिनों तक चले आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं में एक ओर भगवान गणेश की विदाई को लेकर भावुकता दिखी, तो दूसरी ओर गांधी मैदान में अगले दो दिनों तक जारी रहने वाले मेले को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

