जामताड़ा: जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना (Self Enumeration) को लेकर जिले में जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई. प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में जनगणना कोषांग का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया.

इस दौरान समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. साथ ही हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत और सेल्फी प्वाइंट का भी अनावरण किया गया. बताया गया कि ये जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करेंगे. उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है. इससे प्राप्त आंकड़े सरकार की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें.

उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है. 1 मई से 15 मई तक स्व-गणना की प्रक्रिया जारी है, जिसमें नागरिक अपने स्मार्टफोन या लैपटॉप के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आसानी से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने भी जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह देश की प्रगति और विकास के लिए आवश्यक प्रक्रिया है. उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को भी स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं. जिला प्रशासन द्वारा ऑडियो- वीडियो, पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस डिजिटल प्रक्रिया में शामिल हो सकें. इस मौके पर कई वरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना प्रक्रिया को त्रुटिरहित और सफल बनाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी.
Report by Manish Baranwal

