जामताड़ा/ Yogesh Kumar जिले से बड़ी खबर सामने आई है. जहां दो होटल संचालकों के बीच वर्षों से चल रहे विवाद का आखिरकार प्रशासनिक अंजाम सामने आया है. शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए मयूर होटल को सील कर दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. दरअसल, 14 अक्टूबर को जामताड़ा उपायुक्त रवि आनंद के जनता दरबार में अंबिका रेस्ट हाउस की संचालिका कुसुम देवी, जो होटल संचालक अरुण कुमार लक्ष्यीरामका की पत्नी हैं, ने मयूर होटल के संचालक बलदेव मंडल के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी.

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मयूर होटल के पीछे गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है. सूत्रों के अनुसार, दोनों होटलों के बीच यह विवाद कई वर्षों से चल रहा था, जिसमें रास्ता कब्जा, धुएं की समस्या और आपसी प्रतिद्वंद्विता जैसे मुद्दे शामिल हैं.

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल जांच का आदेश दिया था. जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद नगर कार्यपालक अभियंता, अंचलाधिकारी और दंडाधिकारी ओबिशर मुर्मू के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मयूर होटल को सील कर दिया.
होटल मयूर के संचालक बलदेव मंडल ने कहा कि यह कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है और वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे. वहीं, शिकायतकर्ता कुसुम देवी ने कहा कि मयूर होटल वर्षों से उनके छोड़े हुए रास्ते पर कब्जा कर रहा है और रसोई से निकलने वाला धुआं उनके रेस्ट हाउस में घुस जाता है, जिससे ग्राहक भाग जाते हैं. उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें डीसी के पास जाना पड़ा.

अंचलाधिकारी और दंडाधिकारी ओबिशर मुर्मू ने बताया कि एसडीओ के ज्ञापांक संख्या 1440 के आलोक में उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है और आगे की प्रक्रिया जारी है.

