जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड अंतर्गत बागडेहरी थाना क्षेत्र के मुड़ाबेड़िया गांव में बुधवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) दुमका की टीम के पहुंचने से हलचल तेज हो गई. टीम ने बागडेहरी थाना में कार्यरत चौकीदार शरद गोप उर्फ एनका के घर पहुंचकर उसकी संपत्ति से संबंधित जानकारी जुटाई. बताया जा रहा है कि चौकीदार के खिलाफ पूर्व में आय से अधिक संपत्ति रखने की शिकायत की गई थी. इसी शिकायत के संदर्भ में ACB की जांच की जा रही है.


जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर के नेतृत्व में दुमका ACB की टीम मुड़ाबेड़िया गांव पहुंची. टीम ने चौकीदार के घर और उसकी संपत्ति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच-पड़ताल की तथा आवश्यक जानकारी जुटाई. हालांकि, जांच के दौरान टीम को कौन-कौन से दस्तावेज या अन्य तथ्य मिले, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.
लंबे समय बाद पहुंची ACB टीम, गांव में बढ़ी चर्चा
चौकीदार शरद गोप के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने की शिकायत पहले सामने आने की बात कही जा रही है. लंबे समय बाद ACB टीम के गांव पहुंचने से स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई. ग्रामीण जांच के कारण और उसके संभावित परिणाम को लेकर जानकारी लेने का प्रयास करते रहे.
इस संबंध में बागडेहरी थाना प्रभारी किशन कुमार ने भी ACB दुमका की टीम द्वारा मुड़ाबेड़िया निवासी चौकीदार शरद गोप के घर एवं संपत्ति की जांच किए जाने की पुष्टि की है. हालांकि, स्थानीय पुलिस के पास ACB की कार्रवाई और जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है.
ACB की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत से संबंधित कौन-कौन से तथ्य और दस्तावेज जांच के दौरान सामने आए. फिलहाल जांच के निष्कर्ष अथवा आगे की कार्रवाई को लेकर ACB की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

