जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित शिव मंदिर के समीप बुधवार को एक व्यक्ति की मौत से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मिहिजाम नगर परिषद के वार्ड संख्या 17 अंतर्गत अंबेडकरनगर निवासी 55 वर्षीय शांता तुरी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.


जानकारी के अनुसार, शांता तुरी लंबे समय से मिहिजाम स्थित अपने ससुराल में रह रहा था. उसके ससुर का नाम लड्डू तुरी बताया गया है. मृतक का मूल घर पश्चिम बंगाल के कुल्टी में है. वह काफी समय से मिहिजाम में रहकर जीवन व्यतीत कर रहा था.
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
स्टेशन रोड स्थित शिव मंदिर के पास किन परिस्थितियों में शांता तुरी की मौत हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है. घटना की सूचना मिलने के बाद मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में मौत की वजह को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

