जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत ओड़िया पंचायत के ग्रामीणों ने ओड़िया मौजा में संचालित पत्थर खदान के विरोध में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया. ग्रामीण पारंपरिक हथियारों के साथ रैली निकालते हुए समाहरणालय पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर खनन कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की.



ग्रामीणों का आरोप है कि ओड़िया मौजा के लायाडीह. चिरूडीह और ओड़िया टोला में खाता संख्या 624 के प्लॉट संख्या 4546 एवं प्लॉट संख्या 988 की स्वीकृत भूमि से कहीं अधिक क्षेत्र में पिछले लगभग 20 वर्षों से अवैध पत्थर खनन किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि खनन कार्य निर्धारित सीमा का उल्लंघन कर किया जा रहा है.
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि खदान के आसपास विद्यालय. आवासीय मकान और धार्मिक स्थल गौराम थान स्थित हैं. वहीं लायाडीह गांव के बीच से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजरती है. ऐसे में लगातार होने वाले ब्लास्टिंग कार्य से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि ग्रामसभा की सहमति के बिना खदान संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि विस्फोट और धूल प्रदूषण के कारण बच्चों. महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. साथ ही पेयजल स्रोत. कृषि भूमि और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों से ग्रामीणों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने. कथित अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.





