जमशेदपुर: पोखारी स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ने रोजगार के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. यूनिवर्सिटी के 7 विद्यार्थियों का बेंगलुरु की प्रतिष्ठित मैकफॉक्स कंपनी में चयन हुआ है. चयनित छात्रों को 3 लाख रुपये प्रतिवर्ष का आकर्षक पैकेज दिया गया है. साथ ही कंपनी की ओर से रहने के लिए सिंगल अकोमोडेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.



यह विशेष रिक्रूटमेंट ड्राइव यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित की गई थी. इसमें इंजीनियरिंग और प्रबंधन विभाग के छात्रों ने हिस्सा लिया था. कड़े चयन मानदंडों को पार करने के बाद 7 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का चयन पूर्णकालिक रोजगार के लिए किया गया.
कंपनी ने चयनित फ्रेशर्स को डीईटी (डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी) और जीईटी (ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं. ये पद मुख्य रूप से मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा सेल्स एंड मार्केटिंग स्ट्रीम से जुड़े हैं. इस अवसर में बीटेक, डिप्लोमा और एमबीए के विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी और व्यावसायिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए सफलता हासिल की.
यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने इसे संस्थान की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्लेसमेंट सेल लगातार इस दिशा में काम कर रहा है ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर करियर अवसर मिल सके. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है. उन्होंने सभी चयनित छात्रों को बधाई दी.
वहीं कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने भी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंजीनियरिंग और एमबीए छात्रों का एक साथ डीईटी और जीईटी जैसी कोर भूमिकाओं के लिए चयन होना गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि बेंगलुरु जैसे तकनीकी केंद्र में करियर की शुरुआत छात्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगी. इस उपलब्धि के बाद यूनिवर्सिटी कैंपस में उत्साह का माहौल है. चयनित छात्रों और उनके परिवारों में खुशी देखी जा रही है. कंपनी जल्द ही सभी सफल उम्मीदवारों को औपचारिक जॉइनिंग प्रक्रिया के लिए आमंत्रित करेगी.





