जमशेदपुर: नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ऑटोमोबाइल सेक्टर में बड़ी सफलता हासिल की है. विश्वविद्यालय के तीन विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित कंपनी किया मोटर्स (Kia Motors) से जुड़े उत्कल किया में हुआ है.

यह चयन यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से हुआ. इस प्रक्रिया में बीबीए, एमबीए और बी.टेक के छात्रों ने भाग लिया था, जिनमें से तीन छात्रों को उनकी योग्यता के आधार पर सेल्स और टेक्नीशियन पदों के लिए चुना गया. चयनित छात्रों को कंपनी की ओर से 2.6 लाख रुपये प्रति वर्ष का शुरुआती आकर्षक पैकेज दिया गया है.
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में करियर की शुरुआत छात्रों के लिए बेहतरीन अवसर है और यह चयन संस्थान के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्तर को दर्शाता है.
वहीं कुलपति डॉ प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि मैनेजमेंट और तकनीकी कौशल का संतुलन ही सफलता की कुंजी है और छात्रों ने अपनी क्षमता को साबित किया है. यूनिवर्सिटी के प्लेसमेंट विभाग के अनुसार, कंपनी जल्द ही चयनित छात्रों को जॉइनिंग प्रक्रिया के लिए आमंत्रित करेगी. इस सफलता से संस्थान के शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है.

