जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में बुधवार को नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, डीटीओ धनंजय, एसडीएम घाटशिला सुनील चंद्र, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे.



बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा की गई और जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं सेवन को रोकने के लिए चल रहे अभियानों का आकलन किया गया. उपायुक्त ने कहा कि नशीले पदार्थ कानून-व्यवस्था और युवाओं के भविष्य दोनों के लिए खतरा हैं. उन्होंने नशे के कारोबार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया.
उपायुक्त ने सभी स्कूल और कॉलेज परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा ताकि छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके. अवैध मादक पदार्थ के तस्करों और विक्रेताओं की पहचान कर उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नियमित छापेमारी एवं गश्त को और प्रभावी बनाने को कहा. पुलिस, उत्पाद एवं अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सूचना तंत्र को मजबूत बनाने की बात कही.
साथ ही जनसाधारण से अपील की गई कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन एवं परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर दें. आश्वस्त किया गया कि सूचना देने वालों की जानकारी गुप्त रखी जाएगी. बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निकायों के पदाधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, फूड इंस्पेक्टर और अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।




