
जमशेदपुर: मानगो चौक फ्लाइओवर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की कथित अनदेखी को लेकर जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रभात कुमार सिंह ने गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने निर्माण स्थल पर बरती जा रही लापरवाही को आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है.


प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि जिस स्थान पर फ्लाइओवर का निर्माण कार्य चल रहा है, वहां कार्य क्षेत्र के नीचे ठेला दुकानदार अपनी दुकानें लगा रहे हैं और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहते हैं. इसके अलावा निर्माण स्थल के आसपास लगातार लोगों का आवागमन भी हो रहा है. इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही क्रेन की रस्सी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है, जबकि उसी के माध्यम से लोहे के भारी सामान उठाए जा रहे हैं. उनका कहना है कि यदि रस्सी टूट गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे कई लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है.
प्रभात कुमार सिंह ने संबंधित निर्माण एजेंसी और जिला प्रशासन से तत्काल मामले का संज्ञान लेने की मांग की है. उन्होंने कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए और आम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता. फिलहाल इस मामले पर निर्माण एजेंसी या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक






