जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह क्षेत्र के मखदुमपुर मुस्लिम बस्ती में ईद-उल-फितर जैसे बड़े पर्व पर भी पानी की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी. बीते दो दिनों से सरकारी जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहने से इलाके में जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है.

स्थानीय लोगों के अनुसार 20 मार्च की चांद रात को भी पानी की सप्लाई नहीं की गई, जिससे ईद की तैयारियों पर सीधा असर पड़ा. त्योहार के दिन साफ- सफाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पानी की सबसे अधिक जरूरत होती है, लेकिन लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार पानी आपूर्ति करने वाली पंप खराब हो गई है, जिसे ठीक करने में कम से कम 7 दिन का समय लग सकता है. इस कारण लोगों को दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है.
पानी की कमी से कई घरों में ईद की तैयारियां प्रभावित हुईं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की ओर न तो जनप्रतिनिधियों ने ध्यान दिया और न ही संबंधित विभाग के अधिकारियों ने कोई पहल की.
लगातार दो दिनों से पानी बंद रहने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो.

