सरायकेला/ Pramod Singh 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने अपने आवासीय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इस अवसर पर उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के तमाम वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

झंडोत्तोलन के बाद पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय एकता के प्रति आस्था प्रकट करने का पावन अवसर है. उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमें अधिकारों के साथ- साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है और पुलिस बल का दायित्व है कि वह कानून का शासन कायम रखते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करे.
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करना समय की आवश्यकता है और इसके लिए संवेदनशील एवं जवाबदेह पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जा रही है.
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण और त्वरित अनुसंधान के माध्यम से जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए समाज में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने की अपील की. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया. कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ.

