जमशेदपुर/ Afroz Mallik के परसुडीह थाना अंतर्गत सरजमदा नाला के पास बुधवार को अंचल विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया. कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी.


दरअसल, अंचल विभाग द्वारा पहले ही इस जमीन की नापी कर सरकारी बोर्ड लगाया गया था. बावजूद इसके, पटेल महतो नामक व्यक्ति ने बोर्ड हटाकर दोबारा अवैध रूप से दुकान खोल ली थी. अंचल निरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि यह जमीन पूरी तरह से सरकारी है. पहले भी चिन्हित की जा चुकी है. लेकिन बार-बार कब्जा किया जा रहा है. अब दोबारा कब्जा करने की कोशिश हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बुधवार को बलवंत सिंह की अगुवाई में जेसीबी लगाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया. हालांकि, टीम के लौटने के दौरान पटेल महतो और उनके परिजनों ने अंचल निरीक्षक की गाड़ी को रास्ते में रोक लिया और कार्रवाई का विरोध किया. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर विरोध कर रहे लोगों को रास्ते से हटाया और अंचल विभाग की टीम सुरक्षित लौट गई. हालांकि, पटेल महतो और उनके परिजन खुद को पीड़ित बता रहे हैं और कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं. अंचल विभाग ने साफ किया है कि भविष्य में भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. लगातार हो रहे अतिक्रमण को देखते हुए प्रशासन अब सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है.

