जमशेदपुर/ Afroz Mallik शहर में चापड़बाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है. सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इन घटनाओं में कम उम्र के युवा शामिल हो रहे हैं, जो मामूली विवादों में भी तेजधार हथियारों का इस्तेमाल कर रहे हैं.

ताजा मामला आजाद नगर थाना क्षेत्र का है, जहां बीती रात एक बार फिर चापड़बाजी की घटना सामने आई. देर रात हुए इस हमले में कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे इलाके में अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
इससे पहले भी इसी थाना क्षेत्र में रोड नंबर चार स्थित चौड़ा लाइन निवासी सजाउल हक उर्फ नवाब पर जानलेवा हमला हुआ था. देर रात कुछ बदमाश घर में घुस आए और तेजधार हथियार से उसके माथे पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद वह फिलहाल घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहा है. हालांकि इस मामले के आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस केवल जांच की बात कर रही है. इससे यह संदेश जा रहा है कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है.
शहर में बढ़ती चापड़बाजी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है. लोगों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करे, ताकि शहर में अमन-चैन कायम रह सके और युवाओं में बढ़ रही इस खतरनाक प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके.

