जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह गाड़ीवानपट्टी में बुधवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला को पकड़ लिया. गुस्साए लोगों ने महिला को बांस के खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया.

घटना की सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. घटना के संबंध में पीड़िता जैतून बीबी ने बताया कि वह पास की एक दुकान पर राशन लेने गई थी. इस दौरान उसके बच्चे घर के बाहर मैदान में खेल रहे थे. तभी एक महिला वहां पहुंची और उसकी तीन साल की बेटी को जबरन खींचकर ले जाने की कोशिश करने लगी.
आरोप है कि महिला बच्ची को बहला- फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रही थी. तभी जैतून बीबी के छोटे बेटे ने शोर मचा दिया और अपनी मौसी व अन्य परिजनों को बुला लिया. परिजनों को अपनी ओर आता देख आरोपी महिला मौके से भागने लगी. हालांकि स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया. इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसे बांस के खंभे से बांध दिया.
परिजनों का कहना है कि यह महिला पिछले चार दिनों से इलाके में संदिग्ध तरीके से घूमती हुई देखी जा रही थी.
इधर घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले गई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला से पूछताछ की जा रही है.

