
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां चाकुलिया- माटिहाना मुख्य सड़क पर दीघी स्थित एसजी एग्रो फूड प्रोडक्ट्स राइस मिल के पास दो ट्रेलरों की आमने- सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. हादसे से इलाके में अफरा- तफरी मच गई.


जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर ओडिशा के क्योंझर से लौह अयस्क लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर आसनसोल से फायर ब्रिक्स लेकर ओडिशा के अंगुल की ओर जा रहा था. इसी दौरान दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसके बाद दोनों ट्रेलर आग की चपेट में आ गए.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राइस मिल के संचालक अविनाश सुरेका व कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया. सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना पुलिस और बहरागोड़ा से पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
हादसे में ट्रेलर चालक करमचंद और दूसरे ट्रेलर के चालक लालू यादव घायल हो गए. दोनों का इलाज चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Edited By Sarita


