जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालुबासा इंद्रानगर बस्ती में बीती रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 85 वर्षीय शोभा मुखर्जी की दर्दनाक मौत हो गई. घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है.

मृतका की बेटी शोभना मुखर्जी ने बताया कि रात में भोजन के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई थी. देर रात अचानक घर में आग लग गई. जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक शोभा मुखर्जी आग की चपेट में आ चुकी थीं. आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बचाने का मौका नहीं मिल सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है. स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

