सरायकेला: जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर टायो गेट के समीप गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे सड़क हादसे में कई लोग घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब एक स्कूटी सवार की अचानक सड़क पर आए सांड से टक्कर हो गई.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में पीछे से आ रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई. उधर घटना के बाद स्कूटी सवार फरार हो गया.

बताया जा रहा है कि ऑटो में चालक समेत छह महिलाएं सवार थीं. दुर्घटना में कई यात्री महिला घायल हो गई. इनमें एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हुई, जिसे पुलिस ने तत्काल अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया. वहीं एक महिला सहित अन्य घायलों को एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. हादसे के कारण कुछ देर तक टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वहीं स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर आवारा मवेशियों की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





