टाटानगर/ Varun Kumar कोलकाता: दक्षिण पूर्व रेलवे मुख्यालय, गार्डन रीच से जारी एक महत्वपूर्ण कार्यालय आदेश के तहत टाटानगर के वाणिज्य विभाग से जुड़े अधिकारी शंकर कुमार झा को पदोन्नत कर सहायक वाणिज्य प्रबंधक (ACM) नियुक्त किया गया है. यह आदेश कार्यालय आदेश संख्या 91/2026 (TT&CD) के तहत जारी किया गया है.

जारी आदेश के अनुसार, शंकर कुमार झा वर्तमान में CTI/TATA/CKP के पद पर कार्यरत थे. उन्हें ग्रुप ‘B’ के पद ACM में 70 प्रतिशत कोटा के अंतर्गत पदोन्नति के लिए चयनित किया गया है. यह पदोन्नति PCPO कार्यालय के मेमो संख्या SER/P-HQ/GAZ-CELL/260/01/ACM 70%/25-26 दिनांक 21 अगस्त 2025 के आधार पर की गई है.
पदोन्नति के साथ ही उनका स्थानांतरण कर आद्रा डिवीजन में ACM (FM) के पद पर तैनात किया गया है. यह पद वर्तमान में रिक्त था, जिस पर उनकी नियुक्ति की गई है. उनके नए पद पर कार्यभार ग्रहण करने की तिथि जल्द सूचित की जाएगी. कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदोन्नति महाप्रबंधक की स्वीकृति से की गई है. साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके खिलाफ किसी प्रकार की विजिलेंस या विभागीय कार्रवाई लंबित नहीं है. उन्हें वेतन निर्धारण के लिए एक माह के भीतर विकल्प देने की सुविधा भी प्रदान की गई है. इस आदेश पर उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (राजपत्रित) मणिक शंकर के हस्ताक्षर हैं, जिन्होंने इसे प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी की ओर से जारी किया है. रेलवे सूत्रों के अनुसार, शंकर कुमार झा के पास वाणिज्य विभाग में लंबा अनुभव है. उनकी पदोन्नति से विभागीय कार्यों में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है. आद्रा डिवीजन में उनकी तैनाती से राजस्व प्रबंधन और यात्री सेवाओं में सुधार होने की संभावना है.
आदेश की प्रतिलिपि महाप्रबंधक के सचिव, अपर महाप्रबंधक, सभी विभागाध्यक्षों और संबंधित मंडल रेल प्रबंधकों को भेज दी गई है, ताकि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जा सके. दक्षिण पूर्व रेलवे में इस तरह की पदोन्नतियां संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं.

