
जामताड़ा: पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में सफर के दौरान हुई चोरी की घटना को लेकर पीड़ित यात्री ने रेल थाना हाथीदह में सनहा दर्ज कराया है, लेकिन शिकायत के बाद भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. अब मामले में चितरंजन रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग तेज हो गई है.


पीड़ित दीपक कुमार पासवान, जो बेगूसराय जिले के खुदावंदपुर थाना क्षेत्र स्थित मालपुरा गांव के निवासी हैं, ने बताया कि वह ट्रेन संख्या 18622 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से हटिया से हाथीदह की यात्रा कर रहे थे. उनका आरक्षण एस-3 कोच की 40 नंबर अपर बर्थ पर था.
दीपक के अनुसार, चितरंजन स्टेशन पहुंचने से ठीक पहले वह शौचालय गए थे. इसी दौरान ट्रेन चितरंजन स्टेशन पर रुकी. जब वह वापस अपनी सीट पर लौटे तो उनका बैग गायब था. बैग में कई जरूरी दस्तावेज, व्यक्तिगत सामान और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुएं रखी हुई थीं. यात्री का पीएनआर नंबर 6505193195 बताया गया है.

मामले को लेकर चितरंजन जीआरपी के सब इंस्पेक्टर विमल कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है. उन्होंने कहा कि पीड़ित को घटना के तुरंत बाद चितरंजन स्टेशन पर उतरकर शिकायत दर्ज करानी चाहिए थी. यदि हाथीदह रेल थाना में सनहा दर्ज किया गया है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत शिकायत की प्रति प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, ट्रेन में एस्कॉर्ट पार्टी या सुरक्षा बल की तैनाती नहीं होने के सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि यह निर्णय उच्च स्तर पर लिया जाता है.
गौरतलब है कि कुल्टी स्टेशन के बाद पाटलिपुत्र एक्सप्रेस सीधे चितरंजन स्टेशन पर रुकती है. पीड़ित का दावा है कि बैग चोरी की घटना ट्रेन के चितरंजन स्टेशन पर रुकने के दौरान ही हुई. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की तत्काल जांच क्यों नहीं की गई.
इस घटना ने एक बार फिर रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब पीड़ित और आम यात्री रेलवे प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच तथा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने की मांग कर रहे हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


