
जमशेदपुर: चर्चित डीडी बार हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी एवं पूर्वी सिंहभूम पुलिस द्वारा दो लाख रुपये का इनामी घोषित विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने बुधवार को जमशेदपुर सिविल कोर्ट स्थित सीजीएम न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.


विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा बिष्टुपुर थाना कांड संख्या-84/2026 का मुख्य आरोपी है. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है. घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था.
आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने उसकी सूचना देने वाले के लिए दो लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी. पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया था और आम लोगों से भी सूचना देने की अपील की थी. साथ ही सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा भी दिया गया था. इसके बावजूद आरोपी लंबे समय तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया.
बुधवार को विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने पुलिस के सामने गिरफ्तार होने के बजाय सीधे जमशेदपुर सिविल कोर्ट पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. सरेंडर के बाद न्यायालय ने कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की. अब पुलिस आवश्यक होने पर अदालत से रिमांड की मांग कर आरोपी से पूछताछ कर सकती है.
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि आरोपी के आत्मसमर्पण से इस बहुचर्चित हत्याकांड की जांच को नई दिशा मिलेगी. पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े कई अहम तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है. पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और साजिश के पहलुओं की भी जांच कर रही है.
क्या है मामला
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित DD बार में हुए विवाद के दौरान हिमांशु सिंह की हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद से मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ था. पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था. जबकि मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.





