हजारीबाग: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत डोडिया और मोर्निया गांव में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को यह अभियान चलाया. इस दौरान करीब 10 एकड़ भूमि में अवैध रूप से उगाई जा रही अफीम की फसल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.

टीम जब खेतों में पहुंची तो बड़े पैमाने पर अफीम की खेती देखी गई. कार्रवाई के दौरान मौके से अवैध सिंचाई में उपयोग किए जा रहे सेक्शन पाइप, डिलीवरी पाइप और दो हौंडा सेट बरामद किए गए. सभी जब्त उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि भविष्य में दोबारा इनका उपयोग न हो सके.
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम है. फिलहाल इस अवैध खेती से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
इस संयुक्त अभियान में SDPO बरही के साथ चौपारण थाना की टीम और वन विभाग के अधिकारी व कर्मी शामिल रहे. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
