हजारीबाग: सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया. जहां लक्ष्मी पेट्रोल पंप के समीप 3 दिन के नवजात शिशु को उसकी मां के हाथ से एक अज्ञात महिला लेकर फरार हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला कटकमसांडी थाना क्षेत्र के बहिमर गांव की रहने वाली है. वह अपने 3 दिन के नवजात बच्चे को डॉक्टर से दिखाने के लिए हजारीबाग आई थी. पीड़िता ने बताया कि वह सड़क पार कर रही थी, तभी उसे अचानक चक्कर आ गया और वह गिर पड़ी. इसी दौरान एक महिला ई-रिक्शा से उतरी और उसके हाथ से नवजात को लेकर फरार हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग जुट गए. नवजात के अपहरण की खबर फैलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस को तत्काल बुलाने की मांग करने लगे.
मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है. सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार महिला की पहचान की जा सके.
फिलहाल नवजात की तलाश जारी है और पूरे इलाके में पुलिस अलर्ट पर है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

