गढ़वा: बड़ी खबर झारखण्ड के गढ़वा से है. जहां डीसी के निर्देश पर मंगलवार की देर रात गढ़वा मंडल कारा में एसडीएम संजय पांडेय और एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान जेल अधीक्षक, पुलिस पदाधिकारी और कई जवानों की टीम ने जेल के सभी सेल और बैरकों की बारीकी से जांच की. जांच के दौरान किसी भी बैरक से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई.

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ही बिहार के सासाराम विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी प्रत्याशी सतेंद्र साह को इसी जेल में शिफ्ट किया गया है. बताया गया कि बिहार पुलिस ने गढ़वा कोर्ट के निर्देश पर उसे गिरफ्तार कर गढ़वा पुलिस को सौंपा था. उनपर वर्ष 2004 में गढ़वा शहर के चिरौंजिया मोड़ पर हुई बैंक डकैती समेत करीब 37 मामले दर्ज हैं.
अधिकारियों का कहना है कि सतेंद्र साह के आपराधिक इतिहास को देखते हुए सुरक्षा कारणों से यह छापेमारी अभियान चलाया गया. जेल प्रशासन ने कहा कि नियमित रूप से ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि जेल के अंदर अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे.

