गम्हरिया: ऊषा मोड़ से टाटा स्टील लॉन्ग प्रोडक्ट लिमिटेड (टीएसएलपीएल) जाने वाली मुख्य सड़क पर मंगलवार शाम फीडर नंबर-2 के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई. कालीमाटी प्रोडक्शन लिमिटेड के सामने स्थित ट्रांसफार्मर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई और सड़क से गुजर रहे लोगों में दहशत फैल गई.


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग को जानकारी दी. सूचना पर विभाग ने तत्काल संबंधित फीडर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते बिजली नहीं काटी जाती तो आग और अधिक फैल सकती थी तथा आसपास के क्षेत्र में जन-धन की क्षति हो सकती थी.
इसी दौरान तेज बारिश शुरू होने के कारण मरम्मत कार्य तत्काल शुरू नहीं हो सका. विद्युत विभाग के अनुसार बारिश थमने के बाद ट्रांसफार्मर का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया जाएगा और आवश्यक मरम्मत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी.
फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित फीडर की बिजली आपूर्ति बंद रखी गई है. विभाग ने लोगों से ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है.
रिपोर्ट: बिपिन वार्ष्णेय

