कुचाई: सावन माह की पावन बेला में बोल बम कांवरिया संघ, दलभंगा के तत्वावधान में मंगलवार को 50 श्रद्धालु कांवरियों का जत्था बाबा वैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ. रवाना होने से पूर्व दलभंगा थाना परिसर स्थित बाबा भोलेनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई, जहां श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और सफल यात्रा की कामना की. मंदिर परिसर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा.



संघ के नेतृत्वकर्ता लखींद्र महतो ने बताया कि कांवरिये सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा वैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे. उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु क्षेत्रवासियों की खुशहाली, अच्छी वर्षा, बेहतर फसल और जनकल्याण की प्रार्थना करेंगे.

यात्रा से पहले स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने कांवरियों का स्वागत कर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं. सभी श्रद्धालु भगवा वस्त्र धारण कर धार्मिक अनुशासन और सेवा भाव के साथ रवाना हुए. इस अवसर पर मधु दास, महेश जोगी, बैकुंठ सिंह मुंडा, दीप रतन जोगी, पंचु दास, लुबुराम सोय, मदन मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे.





