सरायकेला: जिले के गम्हरिया प्रखंड में सरकारी खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. आरोप है कि डीलरों द्वारा खुलेआम अनाज की कालाबाजारी की जा रही है और विभागीय निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है.

जानकारी के अनुसार, डीलर प्रदीप ठाकुर पर उपभोक्ताओं को ई-पॉश मशीन से स्लिप निकालने के बाद भी खाद्यान्न नहीं देने का आरोप लगा है. उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें राशन देने के बजाय “बाकी” लिखी स्लिप थमा दी जाती है, जिससे वे लगातार परेशान हो रहे हैं.
बताया जा रहा है कि संबंधित डीलर पर पहले भी अनियमितता के आरोप लग चुके हैं, लेकिन हर बार विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से मामला दब जाता है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की मिलीभगत के कारण ऐसे डीलरों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो पा रही है.
इस पूरे मामले में मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. आरोप है कि निगरानी और कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है, जिससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है. वहीं जिला प्रशासन द्वारा समय- समय पर सख्त निर्देश दिए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है. उपभोक्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

